
उदित वाणी, आदित्यपुर : अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश के नेतृत्व में सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा, आदित्यपुर के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज सीतारामपुर में निर्माणाधीन 30 एमएलडी क्षमता वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मोर्चा की टीम ने सीतारामपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में द्रुत गति से काम होते देखकर प्रसन्नता जताया. निरीक्षण के दौरान बताया गया कि सीतारामपुर डैम से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक वॉटर टेस्टिंग का काम सफलता पूर्वक प्रारंभ हो गया है, जो एक उपलब्धि है.
उल्लेखनीय है कि अगस्त_2025 माह में जिला के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट सीतारामपुर का निरीक्षण करते हुए नगर निगम एवं जुडको को वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को दिसंबर-2025 तक प्रारंभ करने का निर्देश दिया था. उपायुक्त के द्वारा दिए गए निर्देश का अनुपालन करते हुए 31 दिसंबर-2025 को वॉटर टेस्टिंग का काम सफलतापूर्वक प्रारंभ हो गया है. इस संबंध में शीघ्र हीं जन कल्याण मोर्चा का प्रतिनिधि मंडल सरायकेला-खरसावां जिला के उपायुक्त एवं आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक से मिलकर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन सभी जलमीनार को तुरंत पूर्ण करने की मांग करेगा, ताकि हर हाल में फरवरी-2026 तक सीतारामपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जनता को पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके.
वहीं, जुडको के प्रोजेक्ट मैनेजर ने मोर्चा को आश्वस्त किया है कि सापड़ा का 60 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम भी मार्च 26 तक पूर्ण हो जायेगा. अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश के अनुसार, मोर्चा का मानना है कि अप्रैल-2026 में गर्मी प्रारंभ होने के पूर्व हर हाल में आदित्यपुर के सभी 50 हजार परिवार को नल से जल पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए. विदित हो कि आदित्यपुर में जलापूर्ति एवं सीवेज योजना में भारी विलंब को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय, रांची में जन कल्याण मोर्चा, आदित्यपुर के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता ओम प्रकाश के द्वारा जनहित याचिका संख्या डब्ल्यूपी (पीआईएल 3629/23) दायर की गई है, जिसकी अगली सुनवाई 15 जनवरी-2026 को होनी है, जिसके अधिवक्ता मनोज कुमार झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता हैं. उस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष शारदा देवी, उपाध्यक्ष लीली दास, मदन सिंह, लक्ष्मण प्रसाद आदि उपस्थित थे.

