
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत की अध्यक्षता में शनिवार को उनके कार्यालय कक्ष में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी त्योहारों के मद्देनजर आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, सुगम यातायात व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक में जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न उद्योग समूहों और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. पुलिस अधीक्षक ने औद्योगिक प्रतिनिधियों से उनके क्षेत्र से संबंधित सुरक्षा और अन्य समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक सुझाव दिए.
श्री लूणायत ने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए पुलिस और औद्योगिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना आवश्यक है. उन्होंने सुगम यातायात व्यवस्था एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए.
अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा की दृष्टि से बैठक में विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और पुलिस प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके.
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव सह झारखंड-बिहार प्रभारी एवं एशिया के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल, जिलाध्यक्ष विनोद शर्मा, एशिया के महासचिव प्रवीण गुटगुटिया, पूर्व महासचिव दशरथ उपाध्याय, उपाध्यक्ष मनोज सहाय, विकास चंद्र, कोषाध्यक्ष बी.एन. हाजरा, सचिव मनोज सिंह तथा जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल सहित कई उद्योगपति और पदाधिकारी उपस्थित थे.

