
उदित वाणी, आदित्यपुर : जिला उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नीतिश कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत द्वारा आज संयुक्त रुप से आदित्यपुर, गम्हरिया व आरआईटी क्षेत्र, गजिया बराज सहित विभिन्न तटीय एवं डूब क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को जनसुरक्षा, त्वरित आपदा प्रतिक्रिया एवं राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिया.
उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को विशेष रूप से तटीय एवं डूब क्षेत्र वाले क्षेत्रों में जलाशयों से जल छोड़े जाने की संभावित स्थिति को देखते हुए निरंतर निगरानी एवं सतर्कता बनाए रखने का निदेश दिया. साथ हींं बिजली, पेयजल, नगर परिषद, नगर पंचायत एवं सिविल निर्माण विभाग जलभराव या जनसुरक्षा से संबंधित समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया है.
उपायुक्त ने दिया स्कूल-आंगनबाड़ी केन्द्रों की निगरानी करने का निदेश
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी करने तथा जलभराव या जोखिम की स्थिति में उन्हें आवश्यकतानुसार बंद अथवा स्थानांतरित करने की योजना बनाने का निदेश भी दिया. मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण विकास विभाग के कॉर्मिकों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि जनसम्पर्क, सूचनाओं के प्रचार एवं राहत कार्यों का समुचित निष्पादन सुनिश्चित हो सके. उपायुक्त ने जिला स्वास्थ्य विभाग को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन दवाओं, चिकित्सा कर्मियों, चलंत चिकित्सा इकाई (डडन्) एवं पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है.
वहीं, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने को भी कहा गया है. इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त रविप्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, गम्हरिया के बीडीओ अभय द्विवेदी, अंचलाधिकारी अरविन्द बेदिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

