
उदित वाणी, आदित्यपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन की आदित्यपुर रनिंग शाखा के आह्वान पर आज आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर रनिंग स्टाफ के माइलेज किलोमीटर भत्ते में वृद्धि की मांग पर धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम आहूत किया गया. यूनियन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि माइलेज किलोमीटर भत्ते में लंबे समय से वृद्धि न होने के कारण रनिंग स्टाफ गंभीर आर्थिक और मानसिक परेशानियों से जूझ रहे हैं.
आदित्यपुर शाखा के पदाधिकारी मुकेश सिंह ने कहा कि यह मुआवजा रनिंग स्टाफ के लिए उनके श्रम का आधार है. इसमें वृद्धि न होने से हमारे कर्मचारी हताश हैं. उन्होंने रेलवे प्रशासन से तत्काल रनिंग स्टॉफ की मांगों पर ध्यान देने और उनके भत्ते को बढ़ाने की मांग भी की.
वहीं, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर रेलवे प्रशासन ने उनकी मांगों को शीघ्र स्वीकार नहीं किया, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है. मौके पर एस के गिरी, अमित कुमार, अरनव दास ने भी अपने विचार रखे. इस अवसर पर काफी संख्या में लोको पायलट, विद्युत लोको पायलट, शंटर सहायक, लोको पायलट, ट्रेन प्रबंधक उपस्थित थे.

