
उदित वाणी, आदित्यपुर : झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री एवं गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव की मां स्वर्गीय प्राणवती देवी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह राजद नेता पुरेंद्र नारायण सिंह अपनी पूरी टीम के साथ बिहार के बांका जिला अंतर्गत बड़ी ढाका गांव पहुंच गए हैं. बड़ी ढाका मंत्री श्री यादव का पैतृक गांव है, जहां पूरे विधि- विधान के साथ श्राद्ध कर्म संपादित किया जा रहा है.
शनिवार को द्वादशा सह ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया है, जिसमें बिहार और झारखंड के कई वीवीआईपी और वीआईपी के शामिल होने की संभावना है. कार्यक्रम को लेकर गांव में व्यापक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं.
श्राद्ध कर्म स्थल पर पहुंचकर पुरेंद्र नारायण सिंह ने सबसे पहले दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजली अर्पित की. तत्पश्चात उन्होंने मंत्री श्री यादव से मुलाकात कर विधि-व्यवस्था और कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली तथा आयोजन को सफल बनाने में जुट गए. इस दौरान उन्होंने मंत्री के भाई एवं बेलहर से जदयू विधायक मनोज यादव से भी भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की. मौके पर राजद नेता देव प्रकाश, कुमार विपिन बिहारी और अधिवक्ता संजय प्रसाद भी उपस्थित थे.
उल्लेखनीय है कि स्व प्राणवती देवी का निधन विगत 16 दिसंबर को हुआ था. उनके सम्मान में 27 दिसंबर को बांका जिले के बड़ी ढाका गांव में श्रद्धांजली समारोह सह शांति भोज आहूत किया गया है. दिवंगत आत्मा की शांति के लिए तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिसमें 25 दिसंबर को क्षौरकर्म, 26 दिसंबर को एकादशा और 27 दिसंबर को द्वादशा, सपिंडी एवं शांति भोज का आयोजन दोपहर 1 बजे से किया गया है.
मंत्री श्री यादव के पिता चंद्रशेखर प्रसाद यादव ने सभी शुभचिंतकों से शांति भोज में शामिल होने की अपील की है. राजनीतिक एवं सामाजिक सूत्रों के अनुसार, इस श्रद्धांजलि समारोह में बिहार और झारखंड से करीब एक लाख लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है. कोल्हान क्षेत्र से भी सैकड़ों समर्थक 26 दिसंबर को बांका के लिए रवाना हुए हैं.

