
उदित वाणी, आदित्यपुर : इच्छापुर बस्ती, आदित्यपुर-2 स्थित सहारा गार्डेन सिटी में दुर्गा पूजा में चंदा को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है. सोसायटी के कुछ निवासियों ने पूजा आयोजन समिति पर ₹1200 का जबरन चंदा वसूलने और चंदा न देने वाले सोसायटी के लोगों को भोग से वंचित रखने का गंभीर आरोप लगाया है.
आज प्रेस वार्ता में सोसायटी निवासी सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी अशोक कुमार मिश्रा, सौरभ भट्टाचार्य, रतन राय और रितेश शर्मा ने समिति के मुख्य संरक्षक शशांक कुमार गांगुली, अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष राजीव रंजन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया. उन्होंने बताया कि समिति ने बिना सदस्यों की राय लिए एकतरफा निर्णय लेकर जबरन ₹1200 का चंदा काटा है. जबकि कई लोगों ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार सहयोग करने की इच्छा जताई थी.
प्रेस वार्ता में सौरभ भट्टाचार्य ने बताया कि 7 सितंबर को स्थानीय आरआईटी थाना परिसर में प्रभारी संजीव कुमार सिंह की उपस्थिति में एक बैठक हुई थी, जिसमें यह तय हुआ था कि लोग अपनी क्षमता के अनुसार चंदा देंगे. इसके बावजूद समिति द्वारा दबाव बनाकर चंदा वसूला जा रहा है और चंदा नहीं देने वाले सोसायटी के लोगों को 29 अक्टूबर को सप्तमी के दिन महाभोग प्रसाद नहीं दिया गया. जबकि वे लोग महाभोग का कूपन खरीदने पहुंचे थे.
निराधार हैं लगाए गए आरोप: गांगूली
वहीं, पूजा समिति के मुख्य संरक्षक शशांक कुमार गांगुली ने लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि समिति पर लगाए गए आरोप निराधार हैं. उन्होंने बताया कि गत वर्ष भी ₹1100 चंदा लिया गया था और इस वर्ष बढ़ती महंगाई को देखते हुए ₹1200 तय किया गया है. दुर्गा पूजा के साथ-साथ काली पूजा और गणेश पूजा जैसे आयोजनों के लिए भी यह राशि निर्धारित की गई है.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी सदस्यों को रसीद के आधार पर ही महाभोग दिया जा सकता है. कूपन मात्र से भोग देना संभव नहीं है, क्योंकि प्रसाद वितरण की व्यवस्था हर घर तक की जाती है. पूजा समिति ने आयोजन में पारदर्शिता और समानता की बात भी कही.

