
उदित वाणी, आदित्यपुर : राजद ने जियाडा से आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में लॉटरी पद्धति के आधार पर भूमि का आवंटन करने की माँग की है, ताकि कम पूंजी वाले इच्छुक उद्यमियों को भी समान अवसर मिल सके. इस संबंध में राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जर्नादन कुमार के नेतृत्व में राजद नेताओं की टीम ने आज जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक प्रेमरंजन से जियाडा भवन, आदित्यपुर स्थित कार्यालय में मुलाकात की तथा उन्हें 7 सूत्री माँग पत्र ज्ञापन सौंपा. माँग पत्र में औद्योगिक क्षेत्र की गंभीर समस्याओं और राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया गया.
माँग पत्र में तत्काल बिजली कनेक्शन और पारदर्शी प्रक्रिया लागू करने, बिना सीमांकन और समतलीकरण के भूमि आवंटन पर रोक लगाने, प्राथमिकता के आधार पर सड़क, पानी, ड्रेनेज और चारदीवारी जैसी सुविधाएं प्राथमिकता पर विकसित करने, सिंगल विंडो सिस्टम की जानकारी हेतु जागरूकता शिविर आहूत करने तथा स्टार्टअप्स के लिए विशेष औद्योगिक नीति लागू करने की माँग की गई है, जिसमें टैक्स छूट, बिजली दर में रियायत और किफायती भूमि लीज की सुविधा हो. माँग पत्र में विदेशी संस्थागत निवेश (एफआईआई) के लिए अलग प्रक्रिया लागू करने की माँग भी की गई है, जिससे यूरोपीय कंपनियों को आकर्षित किया जा सके.
शीघ्र होगा क्षेत्रीय ऑफिस स्तर से संबंधित कार्यों का क्रियान्वयनः प्रेमरंजन
राजद नेताओं की टीम द्वारा प्रेषित माँग पत्र का अवलोकन करने के बाद क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन ने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय स्तर जो संभव है, वैसे कार्यों को शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर कार्यान्वित कराया जायेगा. जबकि अन्य नीतिगत एवं संरचनात्मक सुझावों को राज्य सरकार के कैबिनेट स्तर पर विचारार्थ अग्रेषित किया जाएगा, ताकि उनका स्थायी और व्यापक समाधान सुनिश्चित किया जा सके. मौके पर जिलाध्यक्ष बैजू कुमार, प्रदेश राजद के महासचिव बीरेन्द्र यादव तथा प्रदेश सचिव राजेश कुमार उपस्थित थे.

