
उदित वाणी, आदित्यपुर : महामहिम राष्ट्रपति के आदित्यपुर आगमन को लेकर हुई प्रशासनिक तैयारियों के बाद आज शाम आदित्यपुर की खाओ गली (जियाडा परिसर में मुख्य मार्ग के सर्विस लेन में स्थित) में सन्नाटा पसरा दिखा. शाम ढलते हीं गुलजार होने वाले खाओ गली में आज न तो ठेला खोमचा की दुकानें देखने को मिली और न हीं वहां आम लोग की भीड़ हीं देखने को मिली. इसका कारण वहां ठेला-गुमटी लगाने वालों के द्वारा प्रशासनिक चेतावनी के बाद स्वयं अपने ठेला गुमटी को वहां से हटा लेना बताया गया है.
उल्लेखनीय है कि सन्नाटे में डूबी खाओ गली शाम ढलते हीं गुलजार होने लगती थी. और जैसे_जैसे संध्या समय बीतता जाता, वैसे_वैसे वहां आम लोगों की आवाजाही भी बढ़ती जा रही थी. वहीं, वहां आने वाले लोगों द्वारा अपने वाहनों को सर्विस लेन में बेतरिका खड़ा करने की वजह से संध्या समय मुख्य मार्ग के सर्विस लेन पर आवागमन करने वाले महिला, पुरुषों और युवतियों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी. हालांकि अब खाओ गली के सन्नाटे में डूबने के बाद मुख्य मार्ग के सर्विस लेन में आवागमन करने वाले लोगों ने भी राहत की सांस ली है. मुख्य मार्ग के सर्विस लेन में आवागमन करने वाले महिला, पुरुष और युवती प्रशासनिक कार्रवाई की सराहना भी कर रहे हैं.

