
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर में आगामी 29 दिसंबर को होने वाले 15वें दीक्षांत समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी. इस हेतु पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा तैयारियां शुरु कर दी गई है. इस क्रम में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुन्नायत के नेतृत्व में आज आकाशवाणी चौक से लेकर डीएवी गेट तक करीब चार किलोमीटर तक पैदल मार्च किया गया.
पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने राष्ट्रपति के संभावित आगमन मार्ग का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा भी की. उसके बाद डीसी और एसपी एनआईटी परिसर पहुंचे, जहां दीक्षांत समारोह के आयोजन स्थल को चिह्नित किया गया. एनआईटी के जिमखाना भवन को अपेक्षाकृत छोटा पाए जाने पर परिसर स्थित खुले स्थल का भी निरीक्षण किया गया. इस दौरान एनआईटी प्रबंधन के साथ आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई.

उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि महामहिम राष्ट्रपति के आगमन को लेकर आज रूट और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया है. समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है. साथ हीं कार्यक्रम से पूर्व नगर निगम पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है. वहीं, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया है. संभावित रूट, फोर्स डिप्लॉयमेंट और अन्य सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थलों का निरीक्षण किया गया है. महामहिम राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व सभी सुरक्षा मानकों को पूरा कर लिया जाएगा.
पैदल मार्च के दौरान डीसी और एसपी अधिकारियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे. इस अवसर पर सरायकेला की अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता नियति, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया, नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार, ट्रेफिक थाना प्रभारी राजू सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

