
उदित वाणी, जमशेदपुर : एनआईटी जमशेदपुर के आधिकारिक एयरोमॉडलिंग क्लब टीम फीनिक्स ने आईआईटी बॉम्बे के वार्षिक टेक्नो-मैनेजमेंट फेस्ट टेकफेस्ट 2025 के दौरान आयोजित राष्ट्रीय एयरोमॉडलिंग प्रतियोगिता में द्वितीय उपविजेता (Second Runner-Up) स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया. यह प्रतियोगिता 21 से 23 दिसंबर, 2025 के बीच आयोजित की गई.
टीम ने एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार के मार्गदर्शन में कार्य किया तथा प्रो. सतीश कुमार (डीन – रिसर्च एवं कंसल्टेंसी), डॉ. पी. कुमार (विभागाध्यक्ष, यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग) और डॉ. दीपक कुमार (फैकल्टी-इन-चार्ज) का निरंतर सहयोग प्राप्त किया.

प्रतियोगिता के दौरान टीमों को निर्धारित बाधाओं के अंतर्गत एक रेडियो-कंट्रोल्ड (RC) विमान के डिजाइन और निर्माण की चुनौती दी गई थी, जिसे तीन चरणों में आयोजित किया गया. डिजाइन रिपोर्ट शॉर्टलिस्टिंग राउंड में लगभग 400 टीमों में से मात्र 80 टीमें चुनी गईं, जिनमें टीम फीनिक्स भी शामिल रही. क्वालिफायर राउंड में टीम ने 16 गोल्फ बॉल्स का वहन किया, जबकि अंतिम मिशन-आधारित राउंड में कुल 51 गोल्फ बॉल्स का सफल परिवहन कर पोडियम स्थान सुनिश्चित किया.
टीम के सदस्य 14वीं पीढ़ी से अनुज कुमार (टीम कैप्टन), एकांग्श साह, जय कृष्ण प्रमाणिक, राजन्या सरकार और अमित सिंह, जबकि 15वीं पीढ़ी से सोहम देशपांडे, प्रतिभा कुमारी, आस्था मोहंती, अक्षित यादव और अवनी महेश्वरी शामिल रहे.
देश के विभिन्न इंजीनियरिंग संस्थानों के बीच हुई इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में मिला यह सम्मान, एनआईटी जमशेदपुर के सशक्त तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र, अनुभवी मेंटरशिप तथा छात्रों की मेहनत, समर्पण और नवाचार भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है.

