
उदित वाणी, आदित्यपुर : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के प्रतिष्ठित वार्षिक उत्सव में आयोजित ‘इंटरनेशनल रोबो-वॉर’ में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर की आधिकारिक रोबोटिक्स टीम (रोबोऑट) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व स्तर पर 5वाँ स्थान प्राप्त किया है. इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा रूस, श्रीलंका और नेपाल जैसे देशों की दिग्गज टीमों ने भाग लिया था.
कड़े मुकाबलों में दिखाया दम
टीम रोबोऑट ने अपनी तकनीकी कुशलता का परिचय देते हुए रूस और अन्य अंतरराष्ट्रीय टीमों को कड़ी टक्कर दी. टीम का सफर बेहद रोमांचक रहा, जहाँ उन्होंने कई राउंड्स में जीत दर्ज करते हुए सेमी फाइनल तक अपनी जगह नबनाई. उनके द्वारा विकसित ‘अत्याधुनिक युद्ध रोबोट’ अपनी मजबूती और सटीक मारक क्षमता के कारण पूरी प्रतियोगिता के दौरान चर्चा का केंद्र बना रहा.
संस्थान और उद्योग का अनूठा संगम
संस्थान के निदेशक प्रो गौतम सुत्रधार के विजन और डॉ. वी. के. डल्ला (फैकल्टी-इन-चार्ज) के मार्गदर्शन में तैयार इस रोबोट को औद्योगिक मानकों पर विकसित किया गया था. इस सफलता में हिमालया और रोसा टेक का भी विशेष योगदान रहा, जिन्होंने टीम को तकनीकी संसाधन और आर्थिक सहायता प्रदान की.
संस्थान के निदेशक ने दी बधाई
निदेशक प्रो गौतम सुत्रधार ने टीम की सराहना करते हुए कहा, “यह उपलब्धि एनआईटी, जमशेदपुर में नवाचार और इंजीनियरिंग शिक्षा के उच्च स्तर को दर्शाती है. हमारे छात्रों ने साबित कर दिया है कि वे वैश्विक मंच पर किसी से कम नहीं हैं.”
टीम के मुख्य सदस्य निम्न हैं:
इस ऐतिहासिक जीत में प्रशांत शर्मा, सौविक नाथ, देबजीत गोराई, मोहम्मद तौकीर ज़िया, मृदुल अक्षत और शुभम की अहम भूमिका रही. और इन छात्रों ने मैकेनिकल डिजाइन से लेकर कंट्रोल सिस्टम तक के जटिल कार्यों को बखूबी अंजाम दिया.

