
उदित वाणी, आदित्यपुर : कोल्हान क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. आदित्यपुर ऑटो कलस्टर के पीछे (हथियाडीह) में नवनिर्मित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन 9 जनवरी को राज्य के मुख्य मंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किया जाएगा. इस हेतु कॉलेज प्रबन्धन के द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. कॉलेज के चैयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि यह कोल्हान का एकमात्र 650 बेड का निजी अस्पताल है, जो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है.
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य मंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और राज्य सरकार के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी शामिल होंगे. वहीं, मुख्यमंत्री के आगमन के लिए मदन मोहन पब्लिक स्कूल परिसर में हेलीपैड तैयार किया गया है, जहाँ वे दोपहर 1:00 बजे पहुंचेंगे. उद्घाटन के बाद मुख्य मंत्री मेडिकल छात्रों को संबोधित भी करेंगे.
मुफ्त ओपीडी और भविष्य की योजनाएं
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान में मरीजों के लिए मुफ्त ओपीडी की सुविधा प्रदान की जा रही है. फरवरी माह से मरीजों को कैथलैब और एमआरआई जैसी सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएं भी मिलने लगेंगी. वर्तमान में यह अस्पताल 650 बेड का है, जिसे एनएमसी मानकों के अनुरूप भविष्य में बढ़ाकर 950 बेड करने की योजना है. प्रेस वार्ता में बिहटा स्थित नेताजी मेडिकल कॉलेज के के प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी, प्रिंसिपल डॉ. के एन सिंह, कोऑर्डिनेटर डॉ एन के सिन्हा, रजिस्ट्रार नागेंद्र कुमार, मृत्युंजय झा उपस्थित थे.

