
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर के पीछे स्थित नेताजी सुभाष सुपर मल्टी स्पेशियलिटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में सोमवार को पहले बैच के एमबीबीएस छात्रों का भव्य स्वागत किया गया. इस अवसर पर संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन सह चांसलर मदन मोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. कार्यक्रम में संस्थान की प्रबंध निदेशक विभा सिंह, डायरेक्टर डॉ. एम. के. सिन्हा, प्रिंसिपल डॉ. एन. के. सिंह तथा नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए.

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया. मौके पर चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने परंपरा से हटकर संस्थान के संस्थापक सदस्यों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया और नए विद्यार्थियों से उनका परिचय कराया.
अपने संबोधन में श्री सिंह ने छात्रों से अनुशासित रहकर अध्ययन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि “आने वाले साढ़े छह वर्ष आपके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्ष हैं, जिनका पूरा लाभ उठाएँ.” साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अगले सत्र से संस्थान में पीजी कोर्स की पढ़ाई भी शुरू की जाएगी.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रिंसिपल डॉ. एन. के. सिंह और डायरेक्टर डॉ. एम. के. सिन्हा ने भी छात्रों को मेडिकल प्रोफेशन में समर्पण, संवेदना और सेवा की भावना को मूल मंत्र बनाने का संदेश दिया.
उल्लेखनीय है कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल आदित्यपुर की स्थापना एक वर्ष पूर्व हुई थी. इस वर्ष से कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटों पर शिक्षण सत्र की शुरुआत हो रही है. चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि कॉलेज छात्रों को सुरक्षित, अनुशासित और घर-जैसा वातावरण प्रदान करेगा, ताकि वे अपनी पढ़ाई पर पूर्ण रूप से ध्यान केंद्रित कर सकें.

