
उदित वाणी, आदित्यपुर : मांझी टोला बस्ती स्थित चांदनी चौक के पास नगर निगम वार्ड संख्या 14 के पूर्व पार्षद बारजोराम हांसदा पर बिना वन विभाग की अनुमति हरे-भरे पेड़ काटने तथा सरकारी भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगा है. आरोप है कि उन्होंने अपने बड़े भाई दारा मांझी के नाम दर्ज भूमि पर लगे आधा दर्जन पेड़ों को एनओसी लिए बिना काट दिया और वहां चहारदीवारी निर्माण का कार्य शुरू कर दिया.
जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी देवेंद्र टुडू ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया. जांच के दौरान पाया गया कि सभी पेड़ बिना एनओसी के काटे गए हैं, जो भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 का उल्लंघन है.
वन विभाग के बीट अधिकारी सुब्रत मजूमदार ने बताया कि अधिनियम के तहत काटे गए वृक्षों को वहीं सुरक्षित रखना होगा. यदि उन्हें परिवहन या उपयोग में लाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, पूर्व पार्षद बारजोराम हांसदा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने कहा कि भूमि उनके बड़े भाई दारा मांझी के नाम पर दर्ज है और यह वॉल्यूम–2 में भी अंकित है. उन्होंने दावा किया कि उनकी लोकप्रियता और आगामी वार्ड चुनाव को देखते हुए विपक्षी घबराकर उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं. पूर्व पार्षद ने कहा कि वह हर प्रकार की जांच के लिए तैयार हैं.

