
उदित वाणी, आदित्यपुर : एलआईजी और एमआइजी कॉलोनी के सामने सड़क किनारे लगने वाली अवैध अस्थायी दुकानों, ठेला एवं स्ट्रीट फूड विक्रेताओं का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया है. इस संबंध में स्थानीय महिला-पुरुषों ने आज आदित्यपुर नगर निगम की उप नगर आयुक्त पारुल सिंह से मुलाकात की तथा उन्हें ज्ञापन सौंपा.
इस दौरान कॉलोनीवासियों ने उप नगर आयुक्त से इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अस्थायी दुकान अथवा ठेला लगाने की अनुमति नहीं देने की मांग की. स्थानीय निवासियों के अनुसार, एलआईजी और एमआईजी कॉलोनी के सामने से होकर गुजरने वाली सड़क एनआईटी, जमशेदपुर को जोड़ने वाली प्रमुख संपर्क सड़क है, जिस पर प्रतिदिन भारी संख्या में लोगों का आवागमन होता है.
सड़क किनारे ठेला-खोमचा लगने के कारण भारी भीड़ जमा हो जाती है और लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन को सड़क पर हीं खड़े कर देते हैं, जिसकी वजह से आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है. ज्ञापन के अनुसार, अस्थायी दुकानों के कारण देर रात तक अवांछनीय गतिविधियां होती रहती हैं, जिससे कॉलोनी का माहौल अशांत बना रहता है और स्थानीय लोग अपने घरों के बाहर शांति से बैठ भी नहीं पाते हैं.
साथ हीं दुकानदारों द्वारा कचड़ा, जूठा भोजन एवं डिस्पोजल सामग्री सड़क किनारे फेंक दी जाती है, जिससे पूरा इलाका गंदा और अस्वच्छ हो जाता है. इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है. परन्तु अब-तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है. स्थानीय निवासियों ने यह भी याद दिलाया कि 29 दिसंबर 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एनआइटी, जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में आगमन के दौरान वर्षों बाद इस सड़क से अतिक्रमण हटाया गया था, जिससे क्षेत्र साफ, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त हो गया था.
राष्ट्रपति सहित राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य अतिथियों के आगमन के कारण यही सड़क मुख्य मार्ग के रूप में उपयोग में लाई गई थी. कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि उस व्यवस्था को स्थायी रूप से लागू रखा जाए और एलआईजी और एमआईजी कॉलोनी के सामने किसी भी प्रकार के ठेला, खोमचा या स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को दोबारा अनुमति न दी जाए.
साथ ही क्षेत्र में पौधरोपण, पैदल पथ निर्माण और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाने की भी मांग की गई है, ताकि इलाके का स्थायी सौंदर्यीकरण हो सके. इस अवसर पर पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी, अभय कुमार, एस के सिंह, एन के श्रीवास्तव, राजीव रंजन, नवल किशोर प्रसाद, अजय पांडेय, जितेश, आनंद शुक्ला, चित्रा प्रामाणिक, राजवीर राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

