
उदित वाणी, आदित्यपुर : गम्हरिया के अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार के द्वारा आज भाटिया बस्ती, आदित्यपुर में संचालित अवेध स्क्रैप टाल पर छापामारी की गई. छापामारी के दौरान स्क्रैप टाल के संचालन से संबंधित जरूरी दस्तावेज और जमीन के पेपर की मांग की गई . वहीं, अचानक छापामारी करने पहुंची टीम को देखकर स्क्रैप टाल संचालक और अड्डा बाजी कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
संपर्क करने पर अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि अवैध स्क्रैप टाल का संचालन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि वहां पास में ही एक स्कूल का संचालन होता है, जहां स्कूली शिक्षा प्राप्त करने कई छात्र-छात्राएं पहुंचते हैं. और अवैध रुप से संचालित स्क्रैप टाल की वजह से बच्चों के मन में गलत प्रभाव पड़ रहा है. उन्होंने स्क्रैप टाल संचालक को जरूरी कागजात नहीं दिखा पाने की स्थिति में उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी.

