
उदित वाणी, आदित्यपुर : सरायकेला विधान सभा क्षेत्र से झामुमो के प्रत्याशी रहने गणेश महाली ने सालडीह बस्ती, आदित्यपुर (नेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स) के पीछे स्थित एक भूखंड पर जबरन कब्जा करने के आरोप को गलत और फर्जी बताया है तथा कहा है कि उन्होंने रैयतदार सूरज कुंभकार से वर्ष-2023 में उक्त भूखंड को खरीदा है तथा वर्तमान में भूखंड पर उनका कब्जा है. संबंधित भूखंड का डीड सहित अन्य कागजात उनके पास मौजूद है.
रैयतदार श्री कुँभकार के साथ श्री महाली ने आज आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की से मुलाकात की तथा उन्हें उक्त भूखंड से संबंधित दस्तावेज सुपुर्द किया. उल्लेखनीय है कि इस संबंध में नगीनापुरी कॉलोनी, आदित्यपुर-01 निवासी जनार्दन उपाध्याय के पुत्र विवेक उपाध्याय के द्वारा आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत कर श्री महाली के उपर संबंधित भूखंड पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया गया था.

