
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन के मनमाने रवैये से नाराज चल रहे पूर्व पार्षदों का आक्रोश आखिर फूट पड़ा. नगर निगम प्रशासन की मनमानी से नाराज चल रहे अनेक पूर्व पार्षदों ने आज से कल्पनापुरी कॉलोनी स्थित नगर निगम कार्यालय के पास अनिश्चितकालीन आमरण अनशन और भूख हड़ताल शुरू कर दी.

नीतू शर्मा और रंजन सिंह के नेतृत्व में आमरण अनशन पर बैठने वाले पूर्व पार्षदों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम क्षेत्र में विगत दो वर्षों से अनाप-शनाप टैक्स वसूला जा रहा है. जबकि शहर में न तो सफाई की व्यवस्था दुरुस्त है, और न ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. पूर्व पार्षदों ने कहा कि बोर्ड की बैठक में स्वीकृत कई योजनाओं का आज तक क्रियान्वयन नहीं हुआ है. कई योजनाओं का शिलान्यास होने के बावजूद अब_तक कार्य अधूरा है.

उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब_तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा. आमरण अनशन पर बैठने वालों में पूर्व पार्षद अभिजीत महतो, विक्रम किस्कू, बारजो राम हांसदा, ममता बेज और रिंकू राय शामिल हैं. इनके आंदोलन को अन्य पूर्व पार्षदों और कई सामाजिक संगठनों ने नैतिक समर्थन दिया है. पूर्व पार्षदों ने स्पष्ट रुप से कहा है कि जब_तक आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन जनता की समस्याओं को दूर करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

युवा जनशक्ति मोर्चा ने आमरण अनशन को नैतिक समर्थन दिया वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय झा के नेतृत्व में युवा जनशक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों ने अनशन को अपना समर्थन दिया. अनशन स्थल पर श्री झा ने कहा कि जनता के हित में उठाई गई हर आवाज के साथ मोर्चा खड़ा रहेगा. नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. वहीं, मोर्चा के मुख्य सलाहकार जगदीश नारायण चौबे ने निगम में पारदर्शिता लागू करने की मांग की. इस अवसर पर काफी संख्या में लोग उपस्थित थे.

