
उदित वाणी, आदित्यपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सोमवार को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं जैसे सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा निगरानी, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं पेयजल सुविधा का जायजा लिया. उन्होंने भीड़-भाड़ वाले प्रमुख घाटों पर विशेष ध्यान देने और आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए, ताकि पूरा पर्व सुव्यवस्थित और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके.
निरीक्षण के क्रम में आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. उपायुक्त ने घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद कर प्रशासन को सहयोग देने की अपील भी की.

