
उदित वाणी, आदित्यपुर : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा आज नगर निगम, आदित्यपुर कार्यालय कक्ष में संबंधित पदाधिकारियों के साथ नगर निकाय क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न शहरी विकास योजनाओं, विशेषकर पेयजलापूर्ति से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. बैठक के उपरांत उपायुक्त द्वारा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सीतारामपुर, सॉलिड ट्रीटमेंट प्लांट, सीतारामपुर एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सापड़ा का स्थलीय निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने इन योजनाओं के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने तथा इन्हें निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण करने के का संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो तथा परियोजनाओं का लाभ शीघ्र आमजन तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए.
स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखकर तीव्र गति से हो काम
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि शहरी क्षेत्रों में संचालित सभी योजनाओं का कार्य स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीव्र गति एवं उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए. साथ ही कार्यस्थलों पर सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना भी अनिवार्य है.
खरकई पुल_गजिया बराज का विजिट भी किया
उपायुक्त द्वारा खरकई पुल एवं गजिया बराज का स्थल निरीक्षण भी किया. उन्होंने कहा कि रिवर्स फण्ड डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत पर्यटन स्थल के विकास हेतु उपयुक्त भूमि/स्थल के चयन हेतु अवलोकन किया गया. इस दौरान उपायुक्त द्वारा भूमि के सीमांकन एवं आगे की प्रक्रिया प्रारंभ करने हेतु अंचल अधिकारी, गम्हरिया को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया. मौके पर आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, गह गम्हरिया के अंचलाधिकारी अरविंद कुमार वेदिया सहित अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के पदाधिकारी उपस्थित थे.

