
उदित वाणी, आदित्यपुर : गम्हरिया (आदित्यपुर) और चांडिल प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने न सिर्फ विद्यालय परिसर की शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया, बल्कि स्वयं छात्राओं को गणित, विज्ञान और मानविकी विषयों का संक्षिप्त पाठ भी पढ़ाया.
आईसीटी, स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय का स्थलीय अवलोकन
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालयों की आईसीटी प्रयोगशाला, विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट कक्षाएं और पुस्तकालय की भौतिक स्थिति देखी. उन्होंने कंप्यूटर शिक्षा से जुड़े पाठ्यक्रम की जानकारी संबंधित शिक्षकों से ली और इसके गुणवत्तापूर्ण संचालन के निर्देश दिए.
छात्राओं से सीधा संवाद, शिक्षण क्षमता का मूल्यांकन
उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से संवाद किया. उन्होंने न सिर्फ उनकी विषयगत समझ परखने के लिए सवाल पूछे, बल्कि शिक्षण सत्र भी संचालित किया. जटिल विषयों को सरल तरीके से समझाने के व्यावहारिक सुझाव दिए. साथ ही विषयों की प्रासंगिकता और करियर से जोड़ते हुए मार्गदर्शन भी दिया.
पुस्तकालय में करियर उन्मुख पुस्तकों की व्यवस्था का निर्देश
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने पुस्तकालय की पुस्तकों की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि पुस्तकालय में ज्ञानवर्धक, प्रेरक और करियर उन्मुख पुस्तकों की सूची तैयार कर उन्हें शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि छात्राओं को समग्र विकास में मदद मिले.
शिक्षण गुणवत्ता और छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ज़ोर
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था की समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षण माहौल को और बेहतर बनाते हुए छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए.
उन्होंने परिसर की नियमित सफाई व्यवस्था, सभी कक्षाओं में स्वच्छता सामग्री की उपलब्धता और खेलकूद व अन्य रचनात्मक गतिविधियों के नियमित आयोजन की बात कही.
इनकी रही उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक उपस्थित रहे.

