
उदित वाणी, आदित्यपुर : महाव्रत छठ में छठ पूजा के दौरान चांडिल के शहरबेड़ा में स्वर्णरेखा नदी में डूबे आदित्यपुर के दो सहित तीनों व्यक्तियों का शव बरामद कर लिया गया है. आज प्रातः समय नदी से रायडीह बस्ती, आदित्यपुर निवासी संजय यादव (42 वर्ष) का शव बरामद हुआ था. जबकि आज अपराह्न लगभग 3.30 बजे उनके पुत्र प्रतीक (19 वर्ष) का शव बरामद हुआ.

वहीं, डिमना बस्ती निवासी मनोज कुमार यादव के पुत्र आर्यन कुमार (14 वर्ष) का शव सोमवार की शाम को हीं मिल गया था. आज दोपहर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह अपनी टीम के साथ स्थल पर पहुंचे तथा वहां तैराको और गोताखोरों का हौसला बढ़ाया. प्रतीक के शव को तैराकों और एनडीआरएफ ने ढूंढ निकाला.

एनडीआरएफ की टीम सुबह से ही डूबे हुए लोगों को खोजने में लगी हुई थी. पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि पिता- पुत्र के एक साथ नदी में डूबने से हुई मौत की घटना अत्यंत हृदय विदारक है और पूरे आदित्यपुर के लोग इस घटना मर्माहत है. पूरे आदित्यपुर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है.
तैराकों-गोताखोरों को संविदा के आधार पर नियोजित करे सरकार: पुरेन्द्र
घटनास्थल पर पुरेंद्र नारायण सिंह ने सरकार से तैराकों और गोताखोरों को ट्रेंनिंग देकर संविदा के आधार पर नियोजित करने की मांग की, ताकि आपदा के समय बेहतर प्रबंधन किया जा सके. उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा के तौर पर सरकार द्वारा निर्धारित 4 लाख रुपये की राशि के अलावे 25 लाख रुपये मुआवजा दिये जाने की भी मांग की.

