
उदित वाणी, आदित्यपुर : कोलकाता स्थित बोर्ड ऑफ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, ईस्टर्न रीजन (बीओपीटीईआर) के द्वारा आज आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर के सभागार में राष्ट्रीय शिक्षुता प्रशिक्षण योजना (एनएटीएस) के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उद्योग सम्मेलन आहूत किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए प्रतिष्ठानों को हाल ही में उत्तीर्ण स्नातकों और डिप्लोमा धारकों से जोड़ना और उन्हें व्यावहारिक शिक्षुता प्रशिक्षण प्रदान करना था, ताकि भविष्य के लिए कुशल मानव संसाधन की एक मजबूत श्रृंखला तैयार की जा सके.
कार्यक्रम में आरएसबी ट्रांसमिशन लिमिटेड, रामकृष्णा फोर्जिंग लिमिटेड (आरकेएफएल), श्याम इंटरप्राइजेज, यस टेक्नो लिमिटेड, फाइव ए डिजिटल, वेलस्पन, बीएपीएल प्राइवेट लिमिटेड सहित 18 से अधिक प्रमुख प्रतिष्ठानों ने भाग लिया. उद्योग जगत के नेताओं ने एनएटीएस के तहत अवसरों का पता लगाने के लिए एकत्रित होकर शिक्षा और रोजगार के बीच की खाई को पाटने वाले व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर जोर दिया. मौके पर आरएसबी ट्रांसमिशन की एचआर हेड जया सिंह, रामकृष्णा फोर्जिंग (आरकेएफएल) के रिंटू मुखर्जी और बीओपीटीईआर से के चंद्रमौली सहित विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित थे.
कार्यक्रम में विनिर्माण क्षेत्र की बदलती मांगों के बीच उद्योग के लिए तैयार प्रतिभाओं को बढ़ावा देने में शिक्षुता की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया गया. बीओपीटीईआर का प्रतिनिधित्व करते हुए के चंद्रमौली ने बताया कि “यह पहल कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के हमारे मिशन के साथ पूरी तरह से मेल खाती है. आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर जैसे समूहों के साथ साझेदारी करके, हम नए प्रतिष्ठानों के लिए प्रशिक्षित शिक्षुओं तक पहुंच बनाने के लिए स्थायी मार्ग बना रहे हैं.”
कार्यक्रम में शामिल हुई कंपनियों द्वारा एनएटीएस के तहत शिक्षुओं को शामिल करने की प्रतिबद्धताओं भी जताई गई, जिससे सभी क्षेत्रों में उत्पादकता और नवाचार में वृद्धि की बात कही गई है. उल्लेखनीय है कि बीओपीटीईआर पूर्वी क्षेत्र, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अधीन व्यावहारिक प्रशिक्षण बोर्ड (बीओपीटीईआर), पूर्वी क्षेत्र, उद्योग के लिए कुशल मानव संसाधन विकसित करने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण और शिक्षुता कार्यक्रमों को बढ़ावा देता है.

