
उदित वाणी, आदित्यपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के द्वारा राज्य में आसन्न नगर निकाय चुनाव की तैयारी शुरु कर दी गई है. इस क्रम में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के द्वारा कोल्हान क्षेत्र के सभी आठ नगर निकाय क्षेत्र के चुनाव के लिए राज्य के पूर्व मुख्य मंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश भाजपा के पूर्व मंत्री शैलेन्द्र कुमार सिंह तथा महानगर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह को जिम्मेदारी दी गई है, जो कि निकाय चुनाव में आम सहमति से प्रत्याशी तय करने (एक सीट से एक प्रत्याशी) और चुनावी जीत की रणनीति तैयार करने का काम करेंगे. साथ हीं उनके द्वारा प्रदेश भाजपा के निर्देश पर दो अथवा तीन फरवरी को बैठक कर नगर निकाय के चुनाव की तैयारी शुरु भी की जा सकती है.
उल्लेखनीय है कि कोल्हान क्षेत्र अंतर्गत आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद (सरायकेला-खरसावां), जुगसलाई नगरपालिका, मानगो नगर निगम और चाकुलिया नगर पंचायत (पूर्वी सिंहभूम) तथा चाईबासा नगर परिषद और चक्रधरपुर नगर परिषद (पश्चिम सिंहभूम) क्षेत्र में चुनाव होना है. संपर्क करने पर प्रदेश भाजपा के पूर्व मंत्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निदेशानुसार शीघ्र हीं चुनावी तैयारी हेतु बैठक आहूत की जाएगी, जिसमें चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी. श्री सिंह ने बताया कि शीघ्र नगर निकाय चुनाव कराने, दलीय आधार पर चुनाव कराने, बैलेट पेपर के बजाय इवीएम मशीन से चुनाव कराने सहित अन्य स्थानीय मांगों को लेकर भाजपा के द्वारा आगामी 5, 6 एवं 7 जनवरी को नगर निकायों के समक्ष धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा.

