
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निकाय चुनाव में झामुमो समर्थित महापौर प्रत्याशी भगलू सोरेन को सर्वदलीय आदित्यपुर विकास मंच (तीसरा मोर्चा) का समर्थन मिला है. झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी ने आज प्रेस वार्ता में बताया कि तीसरा मोर्चा के समर्थन से झामुमो समर्थित महापौर प्रत्याशी भगलू सोरेन की स्थिति और मजबूत हुई है. उन्होंने आने वाले दिनों में कुछ अहम राजनीतिक घोषणाएं होने की बात भी कही.
झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं सरायकेला के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गणेश महाली ने भरोसा दिलाया कि चुनाव जीतने के बाद राज्य सरकार के समन्वय से आदित्यपुर के विकास को नई दिशा दी जाएगी. वहीं, तीसरा मोर्चा के संयोजक संजीव आचार्य ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद आदित्यपुर बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है, जिन्हें दूर करना गठबंधन की प्राथमिकता होगी. इस अवसर पर महापौर प्रत्याशी भुगलू सोरेन, तीसरा मोर्चा के अध्यक्ष बुलेट नारायण सिंह, झामुमो नगर अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान, अजीत प्रधान, बीरेंद्र तिवारी आदि उपस्थित थे.

