
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): पान दुकान चौक, आदित्यपुर में मुख्य मार्ग से इन्दिरा गांधी प्रतिमा स्थल से शिव मंदिर तक जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क पर जल जमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. परिणामस्वरुप उक्त रास्ते से होकर आवागमन करने वाले स्थानीय लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. वहीं, उक्त रास्ते से होकर आवागमन करने वालों (पैदल अथवा दोपहिया) को फिसल कर चोटिल भी होना पड़ रहा है. परन्तु सब कुछ जानने के बावजूद आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन अनजान बनकर चुप्पी साधे हुए है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दुर्गा पूजा के पूर्व उक्त सड़क पर उभर आए बड़े_बड़े गड्ढों की मरम्मत नहीं हुई, तो दुर्घटना घटित होने की आशंका बनी रहेगी. क्योंकि दुर्गा पूजा के दौरान प्रतिदिन लाखों लोग उक्त रास्ते से होकर आवागमन करते हैं.

