
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वॉर्ड संख्या-17 की जनता को आखिरकार वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य का तोहफा मिल गया है. जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने अपने वायदे को पूरा करते हुए आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग की सर्विस रोड से जय प्रकाश उद्यान होते हुए लक्ष्य अपार्टमेंट तक पीसीसी सड़क निर्माण को मंजूरी दे दी है.
जानकारी के अनुसार, इस सड़क की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख समस्या रही है, लेकिन वन विभाग की स्वीकृति न मिलने के कारण परियोजना अटकी हुई थी. उपायुक्त ने पहल करते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त कर लिया है.
साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि वन भूमि पर अतिक्रमण न हो, पर्यावरणीय संतुलन बना रहे, पौधारोपण सुनिश्चित किया जाए और निर्माण पूर्ण होने पर इसकी सूचना वन विभाग को दी जाए.
गौरतलब है कि नगर निगम ने पूर्व में वन विभाग की स्वीकृति से पहले ही सांसद के हाथों सड़क निर्माण का शिलान्यास करा दिया था, जिसके बाद विभाग ने कार्य रोक दिया था और यह मामला विवाद में फंस गया था. सड़क निर्माण में देरी से नाराज निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा ने एक नवंबर को आमरण अनशन शुरू किया था, जिसे कई अन्य पार्षदों का भी समर्थन मिला था. उपायुक्त के सकारात्मक आश्वासन के बाद अनशन समाप्त कर दिया गया था.
अब जिला प्रशासन की सक्रिय भूमिका से इस परियोजना को हरी झंडी मिलने पर क्षेत्र में नई उम्मीद जगी है. पत्र के अनुसार, आदित्यपुर-कांड्रा सर्विस रोड से लक्ष्य अपार्टमेंट तक लगभग 1.874 किलोमीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा. इससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी.
पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने उपायुक्त के प्रयासों के प्रति आभार जताते हुए इसे क्षेत्रवासियों की संघर्षपूर्ण जीत बताया है.
