
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के वॉर्ड संख्या-03 से कुल पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरकर एक-दूसरे के विरुद्ध ताल ठोंक रहे हैं, जिनमें निवर्तमान पार्षद पिंकी चौधरी और पूर्व पार्षद अनिल प्रसाद का नाम भी शामिल है. पूर्व पार्षद अनिल प्रसाद को जहां चुनाव चिह्न आलमारी आवंटित किया गया है. वहीं, निवर्तमान प्रत्याशी पिंकी चौधरी का चुनाव चिह्न मोतियों की हार है. जबकि निकिता स्वर्णकार को चुनाव चिह्न बेबी वाकर, महेश्वर महतो को चुनाव चिह्न सायकिल पंप निखिल चंद्र महतो को चुनाव चिह्न बल्ला आवंटित हुआ है.
पेयजल संकट और सड़क की बदहाली की समस्या से जूझ रहे हैं वॉर्ड क्षेत्र के लोग आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में होने के बावजूद वॉर्ड संख्या-03 क्षेत्र के लोग पेयजल संकट और सड़क की बदहाली की समस्या से जूझ रहे हैं. वॉर्ड क्षेत्र में सीवरेज, नाली जैसे बुनियादी सुविधा का भी अभाव है. लगभग छह हजार की आबादी वाले इस वॉर्ड में विकास के दावे तो बहुत किए जा रहे हैं. परन्तु योजनाऐं धरातल पर नहीं उतर रही है. यहाँ पुरुष मतदाताओं का दबदबा है. हालांकि महिला मतदाताओं की सक्रियता भी कम नहीं है.
वॉर्ड क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वे नियमित रूप से होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर रहे हैं. परन्तु उसके एवज में नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं है.

