
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर कांड्रा मुख्य मार्ग एवं मुख्य मार्ग के सर्विस लेन पर अनावश्यक रुप से सड़क को अवरुद्ध करने वाले बड़े वाहनों के विरुद्ध आदित्यपुर नगर निगम एवं ट्रेफिक पुलिस के द्वारा आज संयुक्त रुप से अभियान चलाया गया. यह कार्रवाई ऑटो क्लस्टर के पास से लेकर आदित्या गार्डन सोसायटी के पास स्थित पेट्रोल पंप तक हुई.
इस क्रम में कुल 21 बड़े वाहनों के विरुद्ध 63,150 रुपए का ऑनलाइन चालान काटा गया. साथ हीं अनधिकृत वाहन पार्किंग और सड़क अवरोध करने की स्थिति में दंडात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई. वहीं, कार्रवाई को देखकर अनेक ट्रक चालक अपना वाहन ले कर भाग निकलने में कामयाब भी रहे.

उल्लेखनीय है कि लगातार मुख्य मार्ग और मुख्य मार्ग के सर्विस लेन पर अनाधिकृत वाहन पार्किंग एवं मार्ग को अवरोध करने की शिकायत कार्यालय में प्राप्त हो रही थी. क्योंकि अनाधिकृत पार्किंग की वजह से राहगीरों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था. इसकी वजह से जहां छोटे वाहन जाम में फंस रहे थे. साथ हीं आकस्मिक स्थिति में फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस गाड़ी भी जाम में फंस रही थी. नगर निगम और ट्रेफिक पुलिस का संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा.
ट्रेफिक थाना प्रभारी ने कंपनी मालिकों से समान लेकर आने वाले ट्रकों को कंपनी परिसर में रखने, आवश्यकता के अनुसार समान की आपूर्ति कराने और समान की आपूर्ति के बाद सड़क पर अनावश्यक ट्रक खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा में सभी का योगदान होना चाहिए तथा जिम्मेदार नागरिक होने का फ़र्ज़ निभाना चाहिए.

