
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर-2 स्थित एमआईजी-एलआईजी कॉलोनीवासियों ने कॉलोनी के सामने मुख्य सड़क पर लगने वाले ठेला और अस्थाई दुकानों पर रोक लगाने की मांग की है. इस संबंध में स्थानीय लोगों ने मंगलवार को सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा. स्थानीय निवासियों के अनुसार, अतिक्रमण की वजह से सड़क संकरी हो गई है, जिसके कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और इसकी वजह से पैदल यात्रियों व मॉर्निंग वॉकरों को परेशानियां झेलनी पड़ रही है.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, महामहिम राष्ट्रपति के आगमन पर उक्त स्थान से अतिक्रमण हटाया गया था, जिसे अब बरकरार रखा जाना चाहिए. प्रतिनिधमंडल में शामिल पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी ने स्वच्छता, सुरक्षा और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग करते हुए बताया कि यह मार्ग एनआईटी, जमशेदपुर व डीएवी पब्लिक स्कूल जैसे संस्थानों से जुड़ा है. उन्होंने स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए अलग फूड ज़ोन, फूड कोर्ट बनाने, नियमित निगरानी, सुरक्षित फुटपाथ, पौधा रोपण और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने की मांग भी की.

