
उदित वाणी, आदित्यपुर : झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश के बाद आदित्यपुर नगर निगम की टीम के द्वारा नगर निगम क्षेत्र में स्थित होटल और लॉजों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. छापामारी के दौरान होटल व लॉज की साफ-सफाई, सुरक्षा, फायर सेफ्टी, सीसीटीवी कैमरे, रजिस्टर मेंटेनेंस और वैध ट्रेड लाइसेंस की जांच की गई. वहीं, कुल 5 के विरुद्ध जुर्माना भी लगाया गया.

छापामारी अभियान का नेतृत्व नगर निगम की उप नगर आयुक्त पारुल सिंह ने किया. कार्रवाई के दौरान पाया गया कि नगर निगम क्षेत्र के कई होटल और लॉज निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर रहे हैं. वहीं, यह भी देखा गया कि कई होटलों में साफ-सफाई की स्थिति खराब थी. फायर सेफ्टी के उपकरण मौजूद नहीं थे.
रजिस्टर का समुचित रख-रखाव नहीं था. ट्रेड लाइसेंस भी अद्यतन नहीं थे. सीसीटीवी कैमरे या तो नहीं लगे थे अथवा काम नहीं कर रहे थे. नगर निगम द्वारा शुरु किया गया यह अभियान आगमी 15 नवंबर तक जारी रहेगा. इस दौरान जो भी होटल और लॉज नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, नगर निगम प्रशासन के द्वारा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

