
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह की मांग पर नगर निगम ने अमल शुरू कर दिया है. नगर निगम द्वारा वॉर्ड संख्या-32 में 24.8 लाख रुपये की लागत से कृत्रिम छठ घाट के निर्माण के लिए निविदा निकाली गई है. उल्लेखनीय है कि जुलाई-2025 में आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के बैनर तले पुरेंद्र नारायण सिंह ने नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश से मुलाकात कर उन्हें विस्तृत ज्ञापन सौंपा था, जिसमें नगर निगम के सभी 35 वार्डों में स्थाई छठ घाट, डीप बोरिंग या जल स्रोतों के पास बनाने की मांग की गई थी.
श्री सिंह ने केवल मांग ही नहीं रखी, बल्कि सुविधा के लिए एक आर्किटेक्ट द्वारा तैयार मॉडल ड्राइंग, डिजाइन और मटेरियल एस्टीमेट की कॉपी भी नगर निगम के प्रशासक को उपलब्ध कराई थी. उल्लेखनीय है कि लगभग 2.5 लाख की आबादी में 50 हजार से अधिक परिवार निवास करते हैं तथा यह क्षेत्र तीन ओर से खरकई नदी से घिरा है. परन्तु नदी का पाट चौड़ा होने और पानी के बहाव की स्थिति अनिश्चित रहने के कारण व्रतियों को कठिनाई होती है.
साथ हीं जमशेदपुर के कदमा, शास्त्रीनगर और बिष्टुपुर जैसे इलाकों से भी भारी भीड़ आदित्यपुर की ओर आती है, जिससे घाटों पर अत्यधिक दबाव बढ़ जाता है. स्थानीय स्तर पर बुजुर्गों और बच्चों के लिए नदी तक जाना काफी चुनौतीपूर्ण होता है, जिसके कारण लोग पार्कों या खाली मैदानों में अस्थाई गड्ढे खोदकर पूजा करते हैं. इसी को देखते हुए वार्ड- 32 के रोड नंबर- 15 मैदान, रोड नंबर- 16/17 के पार्क, रोड नंबर- 15 पश्चिम तरफ डीप बोरिंग के निकट, रोड नंबर- 19 सामुदायिक भवन के निकट, रोड नंबर- 18 हनुमान मंदिर परिसर सहित सभी 35 वार्ड में दो- दो स्थाई छठ घाट का निर्माण की मांग की गयीं थी.

