
उदित वाणी, आदित्यपुर(का.प्र.): आदित्यपुर नगर निगम के महापौर पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए एक बार फिर चौंकाने वाला फैसला लिया है. भाजपा ने महापौर पद के लिए अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सरदार को अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है. जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रभासिनी कालुंडिया ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है. उक्त निर्णय राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की उपस्थिति में संपन्न हुई भाजपा की आपात बैठक में लिया गया. बैठक के बाद जानकारी दी गई कि प्रभासिनी कालुंडिया ने पार्टी के निर्णय का सम्मान करते हुए संजय सरदार के समर्थन में नामांकन वापस ले लिया है. वहीं, भाजपा नेतृत्व के इस फैसले से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. और भाजपा के इस कदम को चुनावी रणनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. बैठक में पूर्व महापौर विनोद श्रीवास्तव, प्रदेश भाजपा के पूर्व मंत्री शैलेंद्र कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, ललन तिवारी, सुनील श्रीवास्तव, अभिषेक विशाल सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी उपस्थित थे.

