
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन ने नगर क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को अभियान चलाया. इस दौरान नगर निगम की टीम ने पान दुकान चौक स्थित मुख्य सड़क एवं सर्विस लेन पर अवैध रूप से व्यापार कर रहे दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की.
टीम ने मौके पर ही कई दुकानदारों पर जुर्माना लगाया और चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. निगम की कार्रवाई के दौरान राजस्व कर्मी, अतिक्रमण दस्ता तथा सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद रहे. टीम ने मुख्य मार्ग पर लगाए गए अस्थायी ढांचे और ठेलों को हटवाया, जिससे सड़क पर यातायात सुचारू हुआ.
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि अतिक्रमण के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही थी और नागरिकों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल पान दुकान चौक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में पूरे नगर क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा.
निगम ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का निर्माण न करें, अन्यथा कठोर कदम उठाए जाएंगे.

