
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के प्रथम चरण स्थित मेटाफैब (पूर्व में हाईको) इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के घायल मजदूरों को मुआवजा देने सहित अन्य मांगों को लेकर झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा (जेकेएलएम) के द्वारा आज बुधवार को कंपनी का गेट जाम और घेराव किया गया. गेट जाम और घेराव का नेतृत्व जे के एल एम के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रेम मार्डी ने किया. इस दौरान काम के दौरान घायल होने वाले मजदूरों को मुआवजा देने और उनकी समस्याओं को दूर करने की मांग भी की गई.
जेएलकेएम नेता प्रेम मार्डी ने बताया कि कंपनी प्रबंधन के अनदेखी से तंग आकर विरोध प्रदर्शन और गेट जाम का निर्णय लिया गया है. उन्होंने प्रबंधन के समक्ष अपनी मांगों को रखते हुए बताया कि पूर्व में कंपनी में काम के दौरान मजदूर लोटा मुर्मू, बासु सरदार की अंगुली कट गई थी. परन्तु प्रबंधन द्वारा उन्हें उचित मुआवजा और स्थायी नौकरी नहीं दी गई. वहीं, कार्य करने वाले मजदूर पंचम मुदी की हाथ की उंगली टूटने पर उसे काम से निकाल दिया गया.
जबकि पिछले 12 वर्षों से कंपनी में सेवा देने वाले सोनू लोहार नामक मजदूर को बिना नोटिस काम से निकाल दिया गया. श्री मार्डी ने बताया कि यहां कार्यरत ठेका मजदूरों को पीएफ ईएसआई की सुविधा भी नहीं दी जा रही है. उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों से जुड़े समस्याओं को लेकर कई बार श्रम अधीक्षक के समक्ष भी मुद्दा को उठाया गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती.
औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों के लिए चुनौती बन रहा जेएलकेएम
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र समेत गम्हरिया में मजदूरों की समस्याओं को लगातार उठाने वाला झारखंड लोकतांत्रिक कल्याणकारी मोर्चा अब औद्योगिक क्षेत्र के लिए चुनौती बन गया है. मजदूरों की समस्याओं को लेकर लगातार कंपनी गेट जाम प्रदर्शन से औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों में भय का माहौल देखा जा रहा है. उद्यमी सामने आकर खुलकर इस पर कुछ बोलना नहीं चाह रहे हैं.

