
उदित वाणी, आदित्यपुर : श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) मंडली पुत्री शृतिका की याद में आगामी 21 दिसंबर को फुटबॉल मैदान, आदित्यपुर में महा चित्रांकन प्रतियोगिता आहूत की गई है, जिसमें एल के जी से लेकर 10वीं कक्षा तक के बच्चे शामिल हो सकते हैं. छह ग्रुपों में होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए 110 रुपए प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है. वहीं, प्रतियोगिता में 2500 बच्चों के भाग लेने की बात भी कही गई है. जबकि सभी ग्रुप में से टॉप 12 प्रतिभागियों के चित्र को चुनकर सम्मानित किया जाएगा.
उक्त जानकारी मंडली के संरक्षक देवव्रत घोष ने आज प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी 2500 बच्चो को प्रमाण पत्र के साथ गोल्ड मेडल अथवा ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, ताकि सभी बच्चे चित्रकला के प्रति प्रोत्साहित हो सकें और चित्रांकन से जुड़े लोगों में स्वरोजगार बढ़े. उन्होंने बताया कि महा चित्रांकन प्रतियोगिता के कुल 6 ग्रुप के 72 विजेताओं को श्री शनिदेव भक्त मंडली के स्थापना दिवस अर्थात 18 जनवरी को आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर के सभागार में सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का फॉर्म सभी 2300 बच्चो तक पहुंच चुका है और 200 बच्चो तक फॉर्म पहुंचना बाकी है.
वहीं, इसके लिए 2100 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन भी करा लिया है. प्रेस वार्ता में मंडली अध्यक्ष राजेश चाचरा, सचिव उज्ज्वल घोष, आशीष बनर्जी, गौरंगो धर, माणिक गोराई, मंटू सिंह मोदक, मिलन बेरा, मिलन संतरा, बी बी लाल पाल, सुरेश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे.

