
उदित वाणी, आदित्यपुर : सरायकेला–खरसावाँ जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार आज टोबैको कंट्रोल एवं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की संयुक्त टीम के द्वारा कोटपा अधिनियम-2003 एवं कोटपा अधिनियम (झारखंड संशोधन)2021 के प्रावधानों के अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु एनआईटी, आदित्यपुर के आस-पास बाजार क्षेत्र में कुल 25 प्रतिष्ठानों में निरीक्षण एवं छापेमारी की गई. निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठान तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री करते हुए पाए गए.
जांच के क्रम में 04 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कोटपा अधिनियम (झारखंड संशोधन) 2021 की धारा 6(क) एवं 6(ख) के अंतर्गत जुर्माना वसूला गया. संबंधित संचालकों को धारा-6(क) के तहत अनिवार्य चेतावनी साइनेज प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया. कार्रवाई के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य संस्थानों, न्यायालय परिसर एवं सार्वजनिक कार्यालयों के 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार के तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है.

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के क्रम में संबंधित संचालकों को शीघ्र फूड लाइसेंस प्राप्त करने, साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा कोटपा अधिनियम (झारखंड संशोधन)_2021 के अंतर्गत गैर-धूम्रपान क्षेत्र का साइनेज प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए. निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को मौके पर हीं नष्ट भी कराया गया. इस अवसर पर जिला परामर्शी, आरआईटी थाना के सहायक उप निरीक्षक, कांस्टेबल सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे.

