
उदित वाणी, आदित्यपुर : रेलवे प्रशासन के द्वारा गुमटी बस्ती, आदित्यपुर के चूना भट्टा स्थित मां मनसा देवी मंदिर का छज्जा और चबूतरा रेलवे प्रशासन द्वारा तोड़ दिया गया है, जिसके कारण स्थानीय लोग आक्रोशित है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे ने पहले सीमांकन करने का बाद भी मंदिर के बाहरी ढांचे को नुकसान पहुंचाया, जो उनकी आस्था का केंद्र है. स्थानीय निवासियों के अनुसार, उक्त मंदिर वर्षों पुराना है, जहां उनके पूर्वज भी पूजा-पाठ करते थे.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे प्रशासन ने पहले आश्वासन दिया था कि मां मनसा मंदिर को कोई नुकसान नहीं होगा और रास्ता बगल से निकाला जाएगा. परन्तु अब मंदिर का आधा हिस्सा तोड़ दिया गया है. इससे पहले भी उक्त मार्ग के दूसरी तरफ स्थित मां काली के मंदिर को रेलवे की हद में बताकर तोड़ दिया गया है. स्थानीय लोगों ने “रोड चोरी” के नाम पर उनके धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने का आरोप भी लगाया.

