
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के वॉर्ड संख्या_17 की पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने एक नवंबर को घोषित अनशन को जारी रखने की घोषणा की है तथा कहा कि उक्त अनशन जयप्रकाश उद्यान सड़क के शीघ्र निर्माण के लिए है. और उक्त सड़क के निर्माण के लिए वॉर्ड क्षेत्र के आम लोगों के साथ मिलकर लगातार प्रयास भी किया जा रहा है.
श्रीमती शर्मा ने बताया कि उक्त सड़क के निर्माण हेतु वन विभाग से प्राप्त सशर्त एनओसी में यह उल्लिखित था कि एक वर्ष की अवधि में हीं सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण करना है. परन्तु नगर निगम की निविदा पूर्ण होने के बाद जब संबंधित संवेदक के द्वारा उक्त सड़क का निर्माण कार्य शुरु किया गया, तो वन विभाग के द्वारा यह कहकर काम बंद करा दिया गया कि एनओसी की समय अवधि पूर्ण हो गई है.
उन्होंने सड़क निर्माण की प्रक्रिया में हुए विलंब के लिए नगर निगम प्रशासन को पूरी तरह से जिम्मेवार ठहराया. उन्होंने बताया कि इस मामले को कई बार नगर निगम की बोर्ड बैठक में उठाया भी गया. और अब प्रशासनिक स्तर पर हर दो दिन में अलग_अलग प्रक्रिया पूर्ण करने की बात कही जा रही है. जबकि इस कार्य में सांसद और विधायक का भी सहयोग नहीं मिला.

