
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के हरिओमनगर रोड नंबर 2 स्थित एमआईजी 546 लक्ष्मीनिवास में 27 नवंबर की देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई है. पीड़ित दीपक कुमार सोनी ने घटना की शिकायत आदित्यपुर थाना में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:22 बजे चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद वे सीधे निचले तल में स्थित दीपक सोनी की कपड़ों की दुकान में घुसे. अंदर प्रवेश करते ही चोरों ने सबसे पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे वारदात का पूरा फुटेज नष्ट हो गया और पुलिस के लिए शुरुआती जांच चुनौतीपूर्ण हो गई.
चोरों ने दुकान से करीब 90 हजार रुपये मूल्य के महंगे कपड़े, गिफ्ट आइटम और अन्य सामान चोरी कर लिया. घटना को अंजाम देने के बाद वे फरार हो गए. सुबह चोरी की जानकारी उस समय मिली जब घर में रहने वाले किरायेदार ने दुकान का शटर खुला देखा और तत्काल पीड़ित को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही पीड़ित ने पुलिस को खबर दी.
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का मानना है कि वारदात को अंजाम देने वाले चोर इलाके से परिचित हो सकते हैं और उन्होंने पूरी योजना बनाकर चोरी की है.
पीड़ित दीपक सोनी ने आशंका जताई है कि चोर संगठित तरीके से घर और दुकान को निशाना बनाकर कीमती सामान ले गए हैं. उधर, पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी. वारदात से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग उठने लगी है.

