
उदित वाणी, आदित्यपुर : जिला उपायुक्त के आश्वासन पर आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व पार्षदों ने अपना आमरण अनशन खत्म कर दिया. इससे पूर्व पूर्व पार्षद आदित्यपुर नगर निगम की मनमानी के खिलाफ आज से आमरण अनशन पर बैठ गए थे. हालांकि पूर्व पार्षदों के आमरण अनशन के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया.
जिला उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने पहल करते हुए वार्ड संख्या-17 के बहुप्रतिक्षित जयप्रकाश उद्यान सड़क निर्माण की मांग को स्वीकृत करने का भरोसा दिलाया है. साथ हीं अन्य पार्षदों की मांगों पर भी सहानुभूति पूर्वक विचार करने की बात कही है. उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात संवैधानिक तरीके से रखने की आजादी है. मगर अचानक से इतना बड़ा कदम उठाना उचित नहीं है.
उन्होंने बताया कि हाल ही में जिला स्तर पर हुई बैठक में नगर निगम से संबंधित समस्याओं की सूची मांगी गई थी, जिस पर रोस्टर वाइज समाधान का निर्देश दिया गया है. डीसी ने स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधियों के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाना किसी भी पदाधिकारी के लिए स्वीकार्य नहीं होगा. अगर कोई जनप्रतिनिधि अथवा आम नागरिक अपनी जायज मांग लेकर अधिकारी के पास पहुंचता है, तो उसे पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाना चाहिए.
उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में अगर किसी पदाधिकारी द्वारा अभद्रता किए जाने की शिकायत मिलती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, जिला उपायुक्त के इस संदेश को लेकर आदित्यपुर नगर निगम की उप नगर आयुक्त पारुल सिंह अनशन स्थल पहुंचीं और आंदोलन कर रहे पूर्व पार्षदों से मुलाकात की. उपायुक्त के संदेश पर आंदोलन कर रहे पूर्व पार्षदों ने अपना अनशन खत्म कर दिया.
उप नगर आयुक्त ने सभी आंदोलनरत पार्षदों को पानी पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया. उसके बाद अनशन पर बैठे पूर्व पार्षदों ने अनशन समाप्त करने की घोषणा की. साथ ही चेतावनी दिया कि अगर उनके साथ फिर से धोखा हुआ, तो दोबारा आमरण अनशन शुरू किया जाएगा. पार्षदों ने इसके लिए उपायुक्त एवं उप नगर आयुक्त के प्रति आभार जताया.

