
उदित वाणी, आदित्यपुर : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर सरायकेला के अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुझार मांझी के नेतृत्व में बुधवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन की टीम ने आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न मिठाई दुकानों, होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान कई मिठाई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संकलित किए गए, जिन्हें विधिसम्मत परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
फूड लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र और स्वच्छता मानकों की भी टीम ने सघन जांच की. संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे अज्ञात स्रोतों से प्राप्त कच्चे माल का उपयोग न करें और केवल स्वीकृत एवं प्रमाणित सामग्री से ही खाद्य उत्पाद तैयार करें.

साथ ही स्ट्रीट फूड वेंडर्स को खाद्य सामग्री को ढककर रखने, स्वच्छ पानी के प्रयोग और कार्यस्थल की सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए. मिठाई दुकानों, रिटेलर और मार्ट संचालकों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी उत्पाद लेबलयुक्त और वैधता अवधि के भीतर ही विक्रय किए जाएँ. बिना लेबल या संदिग्ध उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई गई है.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर त्योहारों के मद्देनज़र खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और अस्वच्छ या मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी प्रतिष्ठान में अस्वच्छ या मिलावटी सामग्री का उपयोग होता हुआ पाए, तो तत्काल जिला प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें.

