
उदित वाणी, आदित्यपुर : दुर्गा पूजा के अवसर पर आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में आयोजित विराट मेला में दर्शकों की भारी भीड़ जुट रही है. पूजा पंडाल का अवलोकन करने के बाद लोग शांतिपूर्वक मेले में लगे विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद ले रहे हैं. आगंतुक दर्शक विभिन्न स्टॉल पर खरीददारी कर रहे हैं और कुछ देर विश्राम के दौरान स्नैक्स की भी खरीददारी कर रहे हैं.
मेले में मनोरंजन और स्वाद के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं. महाअष्टमी के दिन भी बड़ी संख्या में दर्शक फुटबॉल मैदान पहुंचे. उल्लेखनीय है कि यह मेला क्षेत्र में काफी प्रसिद्ध है और प्रतिवर्ष हजारों लोग यहां पहुंचते हैं. श्रीश्री दिन्दली सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी द्वारा प्रतिवर्ष इस मेले का सफल आयोजन किया जाता है.

मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल और पूजा कमिटी के सदस्य तत्पर हैं. आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की पुलिस बल के साथ सक्रिय रहे. वहीं, पूजा समिति के संरक्षक छबि महतो, अध्यक्ष अशोक महतो उर्फ लालटू महतो, उपाध्यक्ष रितेन महतो सहित अन्य सदस्य मेले की निगरानी में लगे रहे.
पुलिस टीम ने पकड़ी दो संदिग्ध महिलाएं
मेले के दौरान आदित्यपुर पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रही दो महिलाओं को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों को थाने भेज दिया.

