
उदित वाणी, आदित्यपुर : कांग्रेसजनों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंबुज कुमार के उपर हुए जानलेवा हमले का पुरजोर विरोध किया है. इस संबंध में वरीय नेता सह प्रदेश इंटक के महासचिव राणा सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने आज आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की से मुलाकात की तथा 48 घंटे के अन्दर घटना में संलिप्त चिह्नित दोषियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने की माँग की. थाना प्रभारी ने इस मामले में विधि-संगत कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही.
तत्पश्चात कांग्रेसजन श्री कुमार से उनके 6एलएफ फ्लैट, आदित्यपुर स्थित आवास पर मिले तथा उनके साथ एकजुटता प्रदर्शित किया. इससे पूर्व कांग्रेसजनों द्वारा आज संध्या समय रेलवे कॉलोनी, आदित्यपुर स्थित दुर्गा मन्दिर परिसर में बैठक की गई तथा श्री कुमार के उपर हुए जानलेवा हमले का कड़ा प्रतिरोध किया गया. इस अवसर पर कपाली नगर परिषद के उपाध्यक्ष सरवर आलम, खिरोद सरदार, अवधेश सिंह, नगर अध्यक्ष राहुल यादव, रामाशंकर पांडेय, मनमोहन सिंह, अखिलेश तिवारी, सानुर रहमान, मो0 रिजवान, राम विचार राय, मिसर बनसरियार, झरना मन्ना, संगीता प्रधान आदि उपस्थित थे.
अंबूज कुमार के उपर हुए जानलेवा हमले की निन्दा
वहीं, आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह, जिला भाजपा के उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, युवा जनशक्ति मोर्चा के अध्यक्ष अभय झा ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के उपर हुए जानलेवा हमले की निन्दा की है. और पुलिस प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने की माँग की है.

