
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 20 के चुना भट्टा बस्ती में प्रस्तावित वेंडिंग जोन निर्माण की प्रक्रिया को रोकने की मांग स्थानीय निवासियों ने उठाई है. भाजपा नेता रमेश हांसदा और विशू महतो के नेतृत्व में आज इलाके के लोगों ने नगर निगम के कार्यपालक अभियंता से भेंट कर नगर निगम प्रशासक को संबोधित एक मांग पत्र सौंपा.
मांग पत्र में, वेंडिंग जोन निर्माण की प्रक्रिया पर रोक लगाने के साथ-साथ संबंधित भूमि का नियमितीकरण (बंदोबस्ती) करने की भी मांग की गई है, ताकि वहाँ रह रहे परिवारों को विस्थापन का सामना न करना पड़े. ज्ञापन के अनुसार आदित्यपुर नगर निगम द्वारा 11 सितंबर, 2025 को इस भूमि पर वेंडिंग जोन/मार्केट बनाने के लिए टेंडर जारी हुआ था, जबकि यहां पर स्थानीय लोग और उनके पूर्वज वर्ष 1957 से लगातार निवास कर रहे हैं.
बस्ती की एक महिला ने बताया कि उनके पति और पूर्वजों ने इस भूमि पर कृषि कार्य और चुना भट्टा लगाने का काम किया है, जो आज भी जारी है. भूमि विवाद के चलते उनके पति की हत्या तक हो चुकी है. बिहार राज्य के समय तत्कालीन उपायुक्त सजल चक्रवर्ती ने भूमि की बंदोबस्ती (पट्टा) कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन डर के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.
सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, बीपीएल केस नं. 36/78-79 (राज्य बनाम देवीलाल लोहार, पिता – वेजू लोहार) में खाता संख्या 48, प्लॉट संख्या 1424 के तहत महज़ 0.01/2 डी भूमि को लेकर मुकदमा चलाया गया था. तत्कालीन अंचल अधिकारी कांगलु उरांव के पत्र (संख्या 1090 दिनांक 30.08.78, 295 दिनांक 2.3.79, व 357 दिनांक 10.03.79) में स्पष्ट किया गया था कि उक्त भूमि पर लोहरा बंधु छोटे-छोटे झोपड़े बनाकर रह रहे हैं, ये सभी भूमिहीन कृषक मजदूर हैं, और इनका बंदोबस्ती किया जाना उचित है. इस संबंध में अपर उपायुक्त सिंहभूम के पत्रांक 1744 का उल्लेख भी ज्ञापन में किया गया है.

