
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में स्थित छठ घाटों को विभिन्न सामाजिक संगठन द्वारा सजाने-संवारने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. वहीं, आदित्यपुर नगर निगम के द्वारा भी सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई एवं समतलीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. इसी क्रम में आज मार्ग संख्या-32 छठ घाट एवं मार्ग संख्या-7 छठ घाट सहित अन्य छठ घाट की भी साफ सफाई की जा रही है. साथ ही नालों को भी दुरुस्त किया जा रहा है.
विदित हो कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रमुख रूप से लगभग 26 छठ घाट है, जिसमें आदित्यपुर खरकाई ब्रिज का उत्तरी एवं दक्षिणी भाग, नगीनापुरी कॉलोनी छठ घाट, मांझी टोला छठ घाट, सालडीह छठ घाट, भाटिया-बेलडीह छठ घाट, दो मुहानी सापड़ा छठ घाट, सतबहिनी-श्रीडूंगरी छठ घाट, गम्हरिया ब्लॉक के पीछे छठ घाट, भोजपुर कॉलोनी छठ घाट, जमुना बांध छठ घाट, जयप्रकाश उद्यान छठ घाट, राममड़ैया बस्ती छठ घाट, घोड़ाबाबा के पीछे तालाब छठ घाट, जमालपुर लोहार तालाब छठ घाट, मार्ग संख्या-32 छठ घाट, मार्ग संख्या -7 एवं 8 छठ घाट, मार्ग संख्या -14 कुलुपटाँगा छठ घाट, बंतानगर छठ घाट, वास्तु विहार छठ घाट, वास्तु विहार ईटा भट्ठा छठ घाट, सीतारामपुर डैम छठ घाट, आसंगी छठ घाट, ट्रांसपोर्ट कॉलोनी छठ घाट आदि शामिल है.
बाबाकुटी छठ घाट के निर्माण में हुई लापरवाही की हो जांच: ओमप्रकाश
जन कल्याण मोर्चा सह जलाडो के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश ने झारखंड सरकार से बाबाकुटी छठ घाट के निर्माण में हुई लापरवाही की सीआईडी से जांच कराने की मांग की है. इस संबंध में शीघ्र हीं झारखंड सरकार के मुख्य सचिव एवं गृह सचिव को पत्र लिख कर अवगत कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि प्रशासन के द्वारा लगभग पांच वर्ष पूर्व बाबाकुटी छठ घाट को खतरनाक घाट घोषित किया गया था. परन्तु दुर्भाग्यवश अब_तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है, जो कि चिन्ता का विषय है. परिणामस्वरुप स्थानीय लोगों को काफी समस्याएं झेलनी पड़ रही है. उल्लेखनीय है कि नगर निगम के द्वारा लगभग 65 लाख रुपए की लागत से छठ घाट का निर्माण कराया गया था, जो निर्माण काल के समय से हीं क्षतिग्रस्त है.

