
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ऑटो प्रोफाइल लिमिटेड प्रबंधन बाहरी तत्वों द्वारा बनाए जा रहे अनावश्यक दबाव और समय-समय पर हंगामा करने के प्रयासों से परेशान है. 50 वर्षों से क्षेत्र की आर्थिक रीढ़ बनी यह कंपनी 2,000 से अधिक श्रमिकों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार दे रही है.
कंपनी की डायरेक्टर (एचआर) मौमिता मुखर्जी और श्याम सुंदर ने शुक्रवार को संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि कुछ बाहरी लोग मजदूरों को डराने-धमकाने, असुरक्षा पैदा करने और मुख्य द्वार पर भीड़ लगाकर कर्मचारियों को रोकने का प्रयास कर रहे हैं. इससे उत्पादन और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहा है. प्रबंधन ने कई बार स्थानीय प्रशासन को सूचना दी, लेकिन उपद्रवियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे असंतोष बढ़ रहा है.
दो कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद बढ़ा तनाव
प्रबंधन के अनुसार, 18 नवंबर को दो कर्मचारियों पर गंभीर अनुशासनहीनता, सहकर्मियों को काम रोकने और उत्पादन बाधित करने का आरोप लगा. स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में साक्ष्यों के आधार पर आरोप-पत्र जारी किया गया. 27 नवंबर को ये निलंबित कर्मचारी बाहरी समर्थकों के साथ गेट पर पहुंचे और श्रमिकों को रोका, जिससे तनाव बढ़ गया.
कंपनी ने कहा कि ऐसी गतिविधियां कानूनी रूप से अवैध हैं और उद्योग संचालन, श्रमिक सुरक्षा व क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर बुरा असर डाल रही हैं.
सिंहभूम इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (सिया) ने प्रबंधन का समर्थन किया. सिया अध्यक्ष संतोष सिंह, महासचिव उदय सिंह व कोषाध्यक्ष आशीष कुमार घोष ने बाहरी हस्तक्षेप को औद्योगिक विकास में बाधक बताते हुए एक राजनीतिक दल की कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

