
उदित वाणी, रांची : भाजपा के नवचयनित झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने शुक्रवार को राजधानी रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में विधिवत रूप से अपने पद का कार्यभार संभाल लिया. पदभार ग्रहण से पूर्व कार्यालय में विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया, जिसमें साहू ने संगठन की मजबूती और प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्धता का संकल्प लिया.
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. पूजा कार्यक्रम के बाद बोलते हुए आदित्य साहू ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है. सभी उन लोगों का आभार जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया. हम झारखंड को विकास के पथ पर ले जाएंगे.”
पदभार ग्रहण के बाद साहू का स्वागत कार्यक्रम भी शुरू हो गया है. आज शाम चार बजे गिरिडीह जिला समिति एवं देवघर जिला के कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे. 25 जनवरी को वे देवघर से दुमका जाएंगे, जहां उनका भव्य स्वागत होगा. उसी दिन दोपहर दो बजे फतेहपुर और शाम पांच बजे धनबाद टाउन हाल में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित हैं. कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और संगठन विस्तार की उम्मीदें बढ़ गई हैं.

