
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, चक्रधरपुर मंडल के लिए आज का दिन गर्व और गौरव से भरा रहा, जब यहां की समर्पित रेंजर अदिति कुंडू को भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार भारत स्काउट्स एंड गाइड्स संगठन द्वारा दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है।
दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में अदिति कुंडू को यह सम्मान प्रदान किया गया। उनके उत्कृष्ट सेवाभाव, सामाजिक योगदान और अनुशासित जीवनशैली को देखते हुए यह पुरस्कार दिया गया है। अदिति लंबे समय से स्काउटिंग गतिविधियों से जुड़ी रही हैं और उन्होंने अनेक राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय शिविरों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा सेवा परियोजनाओं में अग्रणी भूमिका निभाई है।
अदिति कुंडू की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर चक्रधरपुर रेल मंडल सहित पूरे झारखंड में हर्ष की लहर दौड़ गई है। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के मंडलीय संगठन ने इसे एक प्रेरणादायक क्षण बताते हुए कहा कि अदिति की सफलता से नई पीढ़ी को अनुशासन, सेवा और नेतृत्व के प्रति जागरूकता मिलेगी।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के पदाधिकारी, स्कूलों के शिक्षक, साथी रेंजर्स एवं गाइड्स ने अदिति को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अदिति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, अभिभावकों और स्काउटिंग के प्रति अपने समर्पण को दिया।
यह सम्मान न केवल अदिति के व्यक्तिगत जीवन की उपलब्धि है, बल्कि यह चक्रधरपुर मंडल के लिए एक प्रेरक क्षण है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने हेतु उत्साहित करेगा।

