
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि विक्की साहू नामक युवक ने 12 जुलाई को युवती को बहला-फुसलाकर अपने किराए के मकान में ले गया, जहां उसने लगातार पांच दिनों तक उसके साथ शारीरिक शोषण किया. युवक ने युवती को शादी का वादा कर भरोसे में लिया, लेकिन बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया.
मामले की जानकारी मिलते ही युवती ने सोनारी थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है. फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है. पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देनी शुरू कर दी है.
युवती और आरोपी दोनों सोनारी स्थित बच्चा सिंह बस्ती के रहने वाले हैं और पहले से एक-दूसरे को जानते थे. युवती का कहना है कि विक्की ने प्रेम संबंधों की आड़ में उसे शादी का सपना दिखाया और उसका शारीरिक शोषण किया. जब युवती ने शादी की बात दोबारा उठाई तो विक्की ने साफ मना कर दिया और बातचीत भी बंद कर दी.
थाना प्रभारी ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.

